Hindi News / देश

कैलाश मानसरोवर यात्रियों को योगी सरकार देगी एक लाख रुपये अनुदान, ऑनलाइन आवेदन शुरू

कैलाश-मानसरोवर-यात्रियों-को-योगी-सरकार-देगी-एक-लाख-रुपये-अनुदान,-ऑनलाइन-आवेदन-शुरू
कैलाश मानसरोवर यात्रियों को योगी सरकार देगी एक लाख रुपये अनुदान, ऑनलाइन आवेदन शुरू
Article Top Ad

लखनऊ
 योगी सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण करने वाले यूपी के मूल निवासी तीर्थयात्रियों के लिए अनुदान प्राप्त करने की ऑनलाइन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा संचालित इस व्यवस्था के तहत पात्र तीर्थयात्रियों को प्रदेश सरकार की ओर से एक लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण करने वाले प्रदेशवासियों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। शासनादेश के अनुसार यात्रा पूर्ण करने वाले पात्र तीर्थयात्री यात्रा समाप्त होने की तिथि से 90 दिनों के भीतर धर्मार्थ कार्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट [www.updharmarthkarya.in](http://www.updharmarthkarya.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के दौरान तीर्थयात्रियों को नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट एवं वीजा की प्रति, बैंक खाते का विवरण, कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण करने का प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। वर्ष 2026 की कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था 15 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम से रवाना हुआ था तथा 2 जुलाई को यात्रा पूर्ण कर वापस लौट आया। यात्रा पूरी कर चुके पात्र तीर्थयात्री अब राज्य सरकार की अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कैलाश मानसरोवर को रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
वहीं दूसरी ओर बहराइच से कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का जत्था ब्लिस रिजॉर्ट से नेपाल के लिए रवाना हो चुका है। वैदिक मंत्रोच्चार व तिलक कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। दल में मुंबई, मेरठ, खतौली व ऋषिकेश के शिवभक्त शामिल हैं। रिजॉर्ट के प्रोपराइटर मनीष मल्होत्रा ने कहा कि यह यात्रा आत्मिक साधना का संगम है। संयोजक मुकेश बंसल ने बताया कि नेपालगंज के रास्ते दल मानसरोवर झील पहुंचेगा। मुंबई के आलोक अग्रवाल व मेरठ के कमल नयन गोहाल ने इसे जीवन का सौभाग्य बताया। युवा श्रद्धालु प्राधन्या देशमुख ने कहा कि यह प्रेरणादायक अवसर है। दल में अरविंद गुप्ता, पुष्पा देशमुख, राकेश कुमार सहित कई श्रद्धालु शामिल हैं।

स्कूल न्यूज़ को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google